बुधवार, 23 दिसंबर 2009

राजद ने झाविमो को मात दी


कोडरमा विधानसभा सीट पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) एक बार फिर विजयी रहा है। राजद प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के रमेश सिंह को 17 हजार से भी अधिक मतों से पराजित कर दिया। कोडरमा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी विजय कुमार साव तीसरे नम्बर पर रहे और झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महेश राय चौथे तथा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रत्याशी साजिद हुसैन पांचवें स्थान पर रहे। कोडरमा में कुल 16 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे और यहां कुल 1,47,339 मत पड़े थे। इसमें राजद को 46,922, झाविमो को 29,639 और भाजपा को 27,654 मत मिले। वहीं झामुमो को 14,393 और बसपा को 13,377 मत मिले।
यहां मतगणना की शुरुआत सुबह 8 बजे हुई और पहले दो चक्र में राजद की अन्नपूर्णा देवी झाविमो के रमेश सिंह से आगे थीं। तीसरे चक्र में श्री सिंह ने बढ़त बना ली, पर उसके बाद पांचवें चक्र से अन्नपूर्णा देवी ने लगातार बढ़त बनाये रखी। दिन के लगभग दो बजे मतगणना समाप्ति के बाद निर्वाची पदाधिकारी शिशिर कुमार सिन्हा ने राजद की अन्नपूर्णा देवी के निर्वाचित होने की घोषणा की। उस समय वहां चुनाव प्रेक्षक जयराज कुमार, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त डा. राजीव अरुण एक्का के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
विभिन्न प्रत्याशियों को मिले मत : अन्नपूर्णा देवी (राजद)- 46922, रमेश सिंह (झाविमो)- 29639, विजयकुमार साव (भाजपा)- 27654, महेश राय (झामुमो)- 14393, साजिद हुसैन (बसपा)- 13377, सिकंदर धोबी (निर्दलीय)- 3673, शिवनन्दन कुमार शर्मा (निर्दलीय)- 2062, परमेश्वर महतो (भाकपा माले)- 1588, बीरेन्द्र यादव (निर्दलीय)- 1444, राजकिशोर प्र. मोदी (निर्दलीय)- 1346, कृष्णा सिंह (निर्दलीय)- 1268, महादेव साव (निर्दलीय)- 1116, भिखदेव राम (निर्दलीय)- 777, अंजनी कुमार सिंह (निर्दलीय)- 768, श्यामदेव यादव (सपा)- 760, शोभा कुमारी (झापा)- 551.

कोई टिप्पणी नहीं: